लखनऊ। Uttar Pradesh Assembly Election 2022: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ नाम से अपना संकल्प पत्र (मेनिफेस्टो) जारी कर दिया है। भाजपा के संकल्प पत्र में महिलाओं, किसानों और युवाओं को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं। इस संकल्प पत्र के माध्यम से सभी वर्गों को साधने की कोशिश की गई है। गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मंगलवार को इसे जारी किया गया।
इस लोक कल्याण संकल्प पत्र में किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने आम जनता से यह वादा किया है कि यदि यूपी में फिर सरकार बनती है तो किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी। 5 हजार करोड़ रुपए की लागत के साथ मुख्यमंत्री कृषि सिंचाई योजना शुरू करने का वादा किया गया है। जिसके अंतर्गत लघु और सीमांत किसानों के लिए बोरवेल ट्यूबवेल, तालाबा और टैंक निर्माण के लिए सब्सिडी दी जाएगी।

भाजपा ने प्रदेश में दोबारा सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता को 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार करने का वादा किया है। उज्ज्वला योजना के तहत सभी लाभार्थियों को होली और दीपावली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिया जाएगा। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की जाएगी। विधवा और निराश्रित महिलाओं के लिए पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपए प्रति महीने करने का वादा किया गया है। हर कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रानी लक्ष्मी बाई योजना के तहत मुफ्त स्कूटी वितरित करने की बात कही गई है।
अगले 5 साल में हर परिवार में कम से कम रोजगार या स्वरोजगार का अवसर प्रदान करने का वादा किया गया है। प्रदेश की सभी विभागीय रिक्तियों को शीघ्रता से भरने का वादा किया गया है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 2 करोड़ टैबलेट या स्मार्टफोन वितरण का वादा किया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में जिम और खेल मैदान स्थापित करने का वादा किया गया है। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को देश में पहले स्थान पर लाने का वादा करते हुए हर व्यक्ति की आय को दोगुना करने को लेकर प्रतिबद्धता जताई गई है। भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश में 5 साल में 10 लाख करोड़ रुपए के निवेश को आकर्षित करने का वादा किया गया है।
संकल्प पत्र में घर गृहस्ती से लेकर उद्योग, बाजार, रोजगार और राहत से जुड़े कई वादे किए गए हैं। कुल मिलाकर इस लोक कल्याण संकल्प पत्र में योगी आदित्यनाथ को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार एक बार फिर बनाने के लिए भाजपा ने अपनी आगामी 5 वर्षों की भाभी कार्यनीति को दर्शाया है।