Rapid Rail: भारत की पहली रैपिड रेल सेवा जल्द ही शुरू होने वाली है। इससे पहले विगत गुरुवार को इस ट्रेन का 17 किमी के ट्रैक पर पहला ट्रायल हुआ। इस दौरान रैपिड रेल करीब 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ी। रेल अधिकारियों के अनुसार दिल्ली से मेरठ के बीच इस ट्रैक का काम पूरा होने के बाद लोग 82 किलोमीटर की यह यात्रा महज 50 मिनट में पूरी कर सकेंगे।

180 किमी प्रतिघंटा होगी टॉप स्पीड
जानकारी के मुताबिक इस परियोजना के पहले चरण में रैपिड रेल गाजियाबाद के साहिबाबाद से मेरठ के दुहई तक चलेगी। यह 17 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर होगा। अधिकारियों ने 2023 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। रैपिड रेल की टॉप स्पीड 180 किमी प्रति घंटा बताई गई है, लेकिन ट्रैक पर निर्माण कार्य होने के कारण अभी इसका 160 किमी प्रति घंटा की स्पीड से ट्रायल हुआ है।
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि इसके लिए 30,274 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि रैपिड रेल स्टेशनों का नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट से सीधे तौर पर जोड़ा जाएगा। सरकार ने इसके लिए 17 रूटों पर 114 बसें चलाने की योजना बनाई है। गाजियाबाद में सात रैपिड रेलवे स्टेशन होंगे।