News Mirror: ट्यूनीशिया का संविधान बदलने जा रहा है। नए संविधान का मसौदा बनकर तैयार हो गया है और इसे राष्ट्रपति को सौंपा गया है। नया संविधान साल 2014 में लागू संविधान की जगह लेगा। इससे पहले 25 जुलाई को देश में जनमत संग्रह कराया जाएगा।

महाराष्ट्र में भाजपा कर सकती है सरकार बनाने की तैयारी
इधर दूसरी और अपने देश की बात करें तो यहां महाराष्ट्र के राजनीतिक हालातों में कुछ नए बदलाव नजर आ रहे हैं। शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने शनिवार को एक प्रस्ताव पारित किया कि कोई अन्य राजनीतिक संगठन उसके या उसके संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे के नाम का इस्तेमाल नहीं कर सकता है। वहीं, असंतुष्ट विधायक एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बागी विधायकों के एक समूह ने कहा कि उसने खुद का नाम शिवसेना (बालासाहेब) रखा है। बता दें कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रस्ताव पारित कर इसे चुनाव आयोग (ईसी) को भेज दिया गया है। एक तरफ शिवसेना जहां पार्टी बचाने में जुटी है वहीं भाजपा की सक्रियता भी अब नई सरकार बनने के लिए दिखने लगी है। खबरें आ रही है कि शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के बीच मुलाकात हुई है, लेकिन भाजपा ने अभी तक इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी है।
रायपुर में एक्सिस बैंक में 16 करोड़ का फर्जीवाड़ा, दो बैंक मैनेजर सहित सात गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ राज्य कृषि मंडी के 60 करोड़ रुपये एक्सिस बैंक डूंडा शाखा में जमा करवाकर आरटीजीएस और स्थानांतरण के माध्यम से 16.40 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा करने के आरोप में एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजरों सहित सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपितों से अब तक 84 लाख 95 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपितों को गिरफ्तार करने और गबन की राशि बरामद करने के लिए दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक सहित अन्य राज्यों के लिए टीमें रवाना की गई हैं।
असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 121 हुई, 25 लाख लोग प्रभावित
असम में बाढ़ से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 121 पहुंच गया है। वर्तमान में समूचे असम में बाढ़ 28 को जिलों घेर चुकी है। पूरे राज्य में करीब 2500000 लोग इस बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। सबसे खराब हालात बराक घाटी के सिलचर शहर में हैं। यहां पूरा इलाका पिछले 7 दिनों से पानी में डूबा है। पिछले 24 घंटे में यहां दस और लोगों की मौत हुई है। यहां खाने और पीने के पानी का संकट मंडरा रहा है साथ ही संक्रामक बीमारियां फैलने का भी खतरा मंडरा रहा है। वायुसेना के हेलीकाप्टर लगातार बचाव कार्य में लगे हुए हैं और बाढ़ पीड़ितों को खाने के पैकेट और पानी की बोतलें मुहैया करवा रहे हैं। बाढ़ग्रस्त इलाके में फंसे कुछ लोगों ने सिलचर में खाने-पीने की किल्लत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसका फायदा उठाते हुए मुनाफाखोरी भी हो रही है।
आजमगढ़ और रामपुर सीट पर भाजपा का कब्जा
तीन लोकसभा व सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे लगभग सामने आ गए हैं। उत्तर प्रदेश की रामपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी ने करीब 42 हजार सीटों से जीत दर्ज की है तो वहीं आजमगढ़ में भी भाजपा की जीत लगभग तय है। पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) ने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को शिकस्त दी है। वहीं विधानसभा सीटों की बात करें तो त्रिपुरा की चार सीटों में से तीन भाजपा तो एक सीट कांग्रेस के खाते में आई है। आंध्र प्रदेश की आत्मकुर सीट पर वाईएसआर कांग्रेस ने परचम लहराया है। दिल्ली की राजिंदर नगर सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की जीत तय मानी जा रही है।