रायपुर। Meteorology update : वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने के साथ-साथ एक द्रोणिका के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आसमान में बादल नजर आ रहे हैं और धूल भरी आंधियां भी चल रही हैं। इसी के साथ आगामी कुछ घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के संकेत हैं।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल होते हुए असम तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। चक्रीय चक्रवातीघेरा उत्तर अंदरुनी कर्नाटक के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है।
प्रदेश में दक्षिणी भाग में बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है जिसके कारण प्रदेश में कल 4 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड चलने की भी संभावना है। प्रदेश के मध्य और उत्तर भाग में अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है।
