मुंबई। Lata Mangeshkar: भारत रत्न से सम्मानित दिग्गज गायिका सुर-सम्राज्ञी लता मंगेशकर का आज 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में सुबह 8 बजकर 12 मिनट पर अंतिम सांस ली।

वह पिछले 29 दिनों से गंभीर रूप से बीमार थी और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इस बीच उनकी सलामती के लिए लोग लगातार दुआएं भी कर रहे थे।
लता मंगेशकर का इस दुनिया से जाना भारतीय संगीत और बॉलीवुड के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उन्हें फिल्म जगत की सबसे सुरीली गायिका माना जाता है। उनके गाए गीत सीधे दिल को छूने वाले हैं। लता ताई के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है।
लता जी को विश्व की सर्वाधिक सम्माननीय गायिकाओं में से एक के रूप में जाना जाता है। साल 1942 से लता जी ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी और 30 से अधिक भाषाओं में उन्होंने हजारों गाने गाए। उनके गाए गए कई गीत बेहद भावुक कर देने वाले हैं और उनकी आवाज का जादू ऐसा है कि आंखों में आंसू ला देता है।