सुकमा। Singing Star: बचपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे… सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इन दिनों यह गाना खूब वायरल हो रहा है। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूल की यूनिफॉर्म में एक बच्चा अपनी एक अलग खास अंदाज में इस गाने को गा रहा है। उस बच्चे का गाना गाने का अंदाज उसकी आवाज और गाने के बोल इतने खास हैं कि लोगों को अनायास अपनी और आकर्षित करते हैं।
गाना गाने वाले इस बच्चे का नाम सहदेव है और यह घोर नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के छिंदगढ़ ब्लाक के उरमापाल गांव का रहने वाला है। सोशल मीडिया सिलेब्रेटी बना सहदेव का गाना इतना वायरल हुआ है कि अब देश भर में इसे शेयर किया जा रहा है। सहदेव के गाने को अब तक 90 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुका है।
सहदेव ने 2 साल पहले स्कूल में शिक्षकों के कहने पर यह गाना गाया था उस वक्त वह पांचवी कक्षा में पढ़ता था। उसी दौरान यह वीडियो बनाया गया था इसके बाद सोशल मीडिया पर अपलोड होने पर यह वीडियो वायरल होता रहा। वीडियो वायरल होते होते बॉलीवुड के मशहूर सिंगर बादशाह तक भी पहुंच गया। सहदेव का गाना और अंदाज देखकर बादशाह भी खासे प्रभावित हुए और अब उन्होंने सहदेव को अपने साथ गाना गाने के लिए ऑफर भेजा है।
सोशल मीडिया में वायरल इस गाने को जब बादशाह ने सुना तो इवेंट टीम के जरिये बादशाह ने सुकमा में सहदेव से वीडियो कॉल पर बात की। बादशाह ने सहदेव को चंडीगढ़ बुलाया है, ताकि वो उनके साथ गाना गा सके।
सातवीं कक्षा में पढ़ रहे सहदेव ने बताया कि उसकी मां का देहांत हो चुका है और घर में पिता और तीन भाई बहन हैं। सहदेव के घर पर टीवी नहीं है और वह मोबाइल फोन पर गाना सुनता है इसी तरह गाने सुन सुनकर उसने गाना सीखा है।
Jaanu Meri Jaaneman Bachpan Ka Pyaar Mera Bhool Nhi Jana